


*शंखपाल ट्रेंचिंग ग्राउंड में लेगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य शुरु, लोहाघाट बनेगा स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर*
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा वर्षों से जमा लेगेसी वेस्ट (पुराने कूड़े) के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 1 करोड़ 17 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई थी, जिसके माध्यम से शहर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।
नगर पालिका द्वारा लोहाघाट के शंखपाल स्थित ट्रैंचिंग ग्राउंड में जमा लगभग 13,648 मीट्रिक टन लेगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए ट्रॉमल मशीन का उपयोग करते हुए कचरे को वैज्ञानिक पद्धति से अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया जा रहा है, जिससे कचरे का सुरक्षित और व्यवस्थित निस्तारण संभव हो सके।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लोहाघाट श्री सौरव नेगी ने बताया कि ट्रॉमल मशीन के माध्यम से कचरे को जैविक और अजैविक भागों में अलग किया जा रहा है। जैविक कचरे का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है, जबकि अजैविक कचरे को पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के लिए अलग किया जा रहा है। इससे वर्षों से जमा कूड़े के बड़े ढेर धीरे-धीरे समाप्त होंगे और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी कि इस पहल से न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि लंबे समय से जमा कचरे से उत्पन्न होने वाली दुर्गंध और पर्यावरण प्रदूषण से भी लोगों को राहत मिलेगी। यह कार्य स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
