Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी न्यूज़– शहर में होली पर्व की शुरुआत आज आंवला एकादशी से हो रही है। शुक्रवार को पारंपरिक रूप से चीर बंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। होली ग्राउंड सिंधी चौराहा और पटेल चौक में सुबह नौ बजे चीर बंधन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
ज्योतिषाचार्य डॉ. नवीन चंद्र जोशी के अनुसार चीर बंधन का शुभ मुहूर्त सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा। इस अवधि में विधि-विधान से चीर स्थापित करना शुभ फलदायी माना गया है।
इस वर्ष तीन मार्च को चंद्र ग्रहण पड़ने के कारण होली के कार्यक्रमों में बदलाव किया गया है। ग्रहण के प्रभाव को देखते हुए रंगों का पर्व चार मार्च को मनाया जाएगा।
सुविधानुसार नहीं, शास्त्रानुसार करें होलिका दहन
श्री बुद्धि बल्लभ पंचांग के आचार्य पवन पाठक ने बताया कि इस वर्ष प्रतिपदा वृद्धिगामिनी है। सामान्य परिस्थितियों में तीन मार्च की प्रदोष बेला में होलिका दहन होना था, लेकिन चंद्र ग्रहण के कारण ग्रहण नियम लागू होंगे।
उन्होंने बताया कि शास्त्रों के अनुसार यदि पूर्णिमा तिथि पर चंद्र ग्रहण हो तो भद्रा रहित पूर्णिमा में रात्रि के समय होलिका दहन करना चाहिए। ऐसे में इस वर्ष होलिका दहन का शास्त्रसम्मत शुभ मुहूर्त तीन मार्च को सुबह 5:29 बजे से 6:30 बजे तक रहेगा।
आचार्यों ने लोगों से अपील की है कि होलिका दहन सुविधानुसार नहीं, बल्कि शास्त्रों के अनुसार करें, ताकि पर्व का धार्मिक महत्व और परंपरा बनी रहे।
होली को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और विभिन्न स्थानों पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रशासन भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है।
