Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। तराई-भाबर क्षेत्र में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हल्द्वानी सहित आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन के समय तेज गर्मी का अहसास हो रहा है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में करीब 21 डिग्री का अंतर होने से रात के समय लोगों को कुछ राहत जरूर मिली।
उधर, उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों ने डेरा डाल लिया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और तेज अंधड़ चलने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
