


रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के कुशल निर्देशन में जल संस्थान एवं जल निगम द्वारा एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद के प्रसिद्ध जल देवता घटोत्कच महाराज के मंदिर परिसर, चौकी में ‘जल महोत्सव’ एवं ‘नीर नारी सम्मान समारोह 2026’ अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्लॉक प्रमुख चम्पावत, श्रीमती अचला बोरा ने जल और नारी के अटूट संबंध को रेखांकित करते हुए दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्री गणेश खाती, जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता श्री आर.पी. डोबाल और जल निगम के अधिशाषी अभियंता श्री अशोक स्वरूप सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता और ‘नीर नारी सम्मान’ के उद्देश्य पर विस्तृत प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका सर्वोपरि है और उन्हें सम्मानित करना समाज को सशक्त करने जैसा है।
समारोह का मुख्य आकर्षण स्थानीय महिलाओं द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर जल देवता के भजन और मधुर कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति रही, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने गीतों के माध्यम से जल की महत्ता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विशिष्ट वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। साथ ही, उपस्थित सभी महिलाओं को ‘नीर नारी सम्मान’ के प्रतीक स्वरूप पारंपरिक ‘पिछौड़े’ वितरित किए गए, जिसे पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। अंत में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अचला बोरा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए इस सफल और शानदार आयोजन के लिए जल संस्थान एवं जल निगम की टीम को बधाई दी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान चौकी श्रीमती गीता देवी, बीडीसी सदस्य श्रीमती रजनी, सहायक अभियंता पवन बिष्ट, सहायक अभियंता अमित कुमार, लैब केमिस्ट तनूजा, रेखा सहित जल संस्थान एवं जल निगम का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय मातृशक्ति उपस्थित रही।
