
उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में स्थित फोटो इको-टूरिज्म जोन में पतरामपुर रेंज से नए सफारी गेट का विधिवत उद्घाटन कर दिया गया। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे इस वन क्षेत्र में नए गेट के खुलने से पर्यटकों की आवाजाही को नई सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
फोटो पर्यटन जोन के नए गेट का उद्घाटन
नए सफारी गेट के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट और प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल विशेष रूप से मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने फीता काटकर सफारी गेट का शुभारंभ किया। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार वन संरक्षण के साथ-साथ नियंत्रित और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें और जंगल की जैव विविधता भी सुरक्षित रहे।
पतरामपुर और आसपास के गांवों के युवाओं को मिलेगा रोजगार
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाला फोटो इको-टूरिज्म जोन बीते कुछ सालों में तेजी से विकसित हुआ है। नए सफारी गेट के खुलने से पतरामपुर और आसपास के गांवों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। जिप्सी संचालन, पर्यटक गाइड, होम-स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वन विभाग का मानना है कि इससे पर्यटन का दबाव भी बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा
