
Gurmeet singh chandhok
जंगली जानवरों से किसानों की फसल बचाने के लिए राज्य सरकार के प्रयास रंग लाए हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बातचीत के बाद घेर-बाड़ योजना के लिए केंद्रीय मदद पुनः मिलनी शुरू हो गई है। इस क्रम में केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने 25 करोड़ की सहायता उत्तराखंड के लिए मंजूर की है।
घेर-बाड़ योजना के लिए केंद्र ने स्वीकृत किए 25 करोड़
उत्तराखंड में जंगली जानवरों से किसानों की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। इसकी रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने घेर बाड़ योजना शुरू की है। तीन साल पहले तक राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत केंद्रीय कृषि मंत्रालय के स्तर पर आर्थिक सहयोग किया जा रहा था। हालांकि बाद में केंद्रीय सहायता बंद हो गई।
धामी सरकार की पहल हुई सफल
किसानों की समस्या को देखते हुए सीएम धामी के निर्देश पर जिला योजना से घेर बाड़ के लिए मदद उपलब्ध कराई गई। इस दौरान सीएम इस योजना में केंद्रीय मदद प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत रहे। विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन सरकार ने घेर बाड़ योजना के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय से 25 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिलने की जानकारी सदन में दी। पिछले दिनों गौचर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने सरकार ने इस विषय को रखा था।
44 हजार 429 किसान हुए लाभान्वित
इस संबंध में अब केंद्रीय कृषि मंत्रालय के स्तर पर 25 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में मंत्रालय का पत्र विभाग को प्राप्त हो गया है। राज्य सरकार ने सदन में जानकारी दी कि पिछले तीन सालों में जिला योजना से 2841 हेक्टेयर जमीन की घेर बाड़ कराई गई है। इस क्रम में 44 हजार 429 किसान लाभान्वित हुए हैं। इस बार के बजट में घेर बाड़ योजना के लिए दस करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।
