
चम्पावत
hayat ram arya
प्रभावी वित्तीय प्रबंधन ही अच्छे शासन की कुंजी: श्री रमेश चंद पाठक
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रसार कार्यशाला का आयोजन, जनपद में सुशासन को मिलेगी नई गति
दिनांक 19 से 25 दिसंबर, 2025 तक आयोजित “सुशासन सप्ताह” के अंतर्गत “प्रशासन गाँव की ओर, 2025” कार्यक्रम की श्रृंखला में 23 दिसंबर, 2025 को जिला सभागार, चम्पावत में जिला स्तरीय प्रसार कार्यशाला का आयोजन जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में किया गया।
कार्यशाला के दौरान जनपद स्तर पर सुशासन की अवधारणा को सुदृढ़ करने, प्रशासनिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने, विकास योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी को मजबूत करने विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर श्री रमेश चंद पाठक, सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी, ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। उल्लेखनीय है कि उन्होंने नवंबर 2007 से जून 2008 तक जिलाधिकारी, चम्पावत के रूप में सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने जनपद से जुड़े अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि पंचेश्वर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि विकास निधियों का पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग ही वास्तविक सुशासन का आधार है।
उन्होंने अधिकारियों से जनभावनाओं एवं जनअपेक्षाओं की पूर्ति हेतु आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित कार्य समय से अधिक समय देकर जनसेवा करने का आह्वान किया। साथ ही जनपद चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए सभी अधिकारियों एवं जनपदवासियों से सहयोग का अनुरोध किया।
कार्यशाला के दौरान “जनपद @ 100” विषय के अंतर्गत मत्स्य पालन, उद्यान, कृषि, पशुपालन, डेयरी, उद्योग, पर्यटन, सड़क एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जनपद स्तर पर संचालित विभिन्न पहल एवं नवाचारों पर आधारित एक सूचनात्मक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही पिछले पांच वर्षों में जनपद में लागू की गई सुशासन संबंधी श्रेष्ठ प्रथाओं एवं पहलों पर केंद्रित विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन पर जनता का विश्वास बनाए रखना ही सुशासन की मूल भावना है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बड़े प्रोजेक्ट्स ही नहीं, बल्कि ग्रामीण स्तर पर छोटे, प्रभावी एवं जनोपयोगी कार्य ही वास्तविक परिवर्तन लाते हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण अपनाते हुए जनपद के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक सुशासन की भावना को प्रभावी रूप से पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर परियोजना अधिकारी विम्मी जोशी समेत विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
