
हरिद्वार के श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के लाडपुर में एक ग्रामीण की संदिग्ध मौत का मामला अब सनसनीखेज हत्या में बदल गया है। पुलिस ने केस का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन जांच में चौंकाने वाले सच सामने आए हैं।
सनसनीखेज हत्या में बदला बबलू आत्महत्या केस
मामले को लेकर एसपी सिटी अभय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दो अप्रैल को पूजा नाम की महिला अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची थी। उसने सूचना दी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक जांच कराई गई। हालांकि, मौके की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की गहराई से जांच शुरू की। इसी बीच मृतक के भाई राजू ने पत्नी पूजा, नाबालिग बेटी और बिजनौर निवासी मोंटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
बेटे ने किया मां और बहन को लेकर बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने जब परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की, तो मृतक के बेटे ने बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग बेटी को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया भी बरामद कर लिया है।
महिला के दूसरे शख्स के साथ थे अवैध संबंध
पूछताछ में सामने आया कि महिला के अवैध संबंध थे, जबकि उसकी नाबालिग बेटी का भी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात का पता चलने पर बबलू अक्सर शराब के नशे में दोनों के साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर मां-बेटी ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। एक अप्रैल की रात उन्होंने पहले बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी।
बेटी और पत्नी ने ऐसे उतारा मौत के घाट
पुलिस के अनुसार बबलू जब वह गहरी नींद में चला गया, तो दुपट्टे से उसके हाथ-पैर बांध दिए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर मुंह में सल्फास डाल दिया और कमरे को बंद कर दिया। अगली सुबह महिला ने आत्महत्या की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया। फिलहाल पुलिस महिला के प्रेमी और एक अन्य संदिग्ध की भूमिका की भी जांच कर रही है।
