








रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान ग्राम घिरौला स्थित विकास खंड बागेश्वर/कपकोट अंतर्गत काण्डा ग्राम समूह (पंपिंग) पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े भी उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने योजना की प्रगति, तकनीकी पक्षों तथा निर्माण गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मशीनों की कार्यप्रणाली, पंपिंग उपकरणों की स्थिति तथा संपूर्ण संरचना का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता की जांच की। साथ ही अभिलेखों का परीक्षण करते हुए कार्य प्रगति, स्वीकृत लागत एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजना से लाभान्वित होने वाले गांवों की सूची उपलब्ध कराने को कहा तथा निर्देशित किया कि आज सायं तक पूर्ण विवरण प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों को निर्बाध एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, अतः निर्माण एवं संचालन में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।
आयुक्त ने बताया कि पेयजल योजना वर्तमान में टेस्टिंग फेज में है। उन्होंने जल निगम को दो दिन के भीतर सभी तकनीकी कमियों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां उपभोक्ताओं को कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, वहां सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंडलायुक्त ने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, शेष कार्यों में तेजी तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल, जल निगम अधिशासी अभियंता वीके रवि आदि उपस्थित रहे।
