



रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जनपद में आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में लू (हीट वेव), वनाग्नि (फॉरेस्ट फायर), संभावित सूखे तथा अन्य मौसमी चुनौतियों से निपटने हेतु समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि लू से बचाव हेतु आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा विशेष रूप से निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखी जाए।
इसके साथ ही पुलिस एवं वन विभाग के मैदानी कार्मिकों (सिपाहियों) के लिए भी हीट वेव से बचाव हेतु आवश्यक दवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने वन विभाग को वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम हेतु सतर्कता बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग को संभावित सूखे की स्थिति से निपटने हेतु वैकल्पिक योजनाएं तैयार रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने खेल विभाग को निर्देश दिए कि ग्रीष्मकालीन खेल शिविरों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों एवं खिलाड़ियों के लिए पेयजल, छाया एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
पेयजल संकट की संभावनाओं को देखते हुए संबंधित विभागों को पर्याप्त जल आपूर्ति बनाए रखने, टैंकरों की व्यवस्था तथा खराब हैंडपंपों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।
यूपीसीएल को ग्रीष्मकाल में बढ़ते विद्युत भार (ओवरलोड) को ध्यान में रखते हुए अग्रिम योजना बनाकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों के दौरान उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने हेतु नियमित छिड़काव किया जाए।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत सभी विभागों को जनपद में अधिकाधिक पौधारोपण करने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों के कटान तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रीष्मकाल में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट, ईई यूपीसीएल विजय सकारिया सहित अन्य उपस्थित रहे।
