
देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है महिला के साथ हो रही मारपीट देख दूसरा पक्ष भी मौके पर पहुंचा और झहगड की स्थिति बन गई।
बुजुर्ग महिला फल विक्रेता के साथ मारपीट
घटना बुधवार शाम की है। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधी ग्राम इलाके में फल खरीदने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पीड़ित महिला लक्ष्मी के अनुसार एक बच्ची फल खरीदकर लेकर गई थी। फल खराब निकलने पर कुछ युवक बुजुर्ग के पास पहुंचे और बच्ची द्वारा ख़रीदे फल को महिला के ऊपर फेंक कर उससे गाली-गलौच और मारपीट करने लगे।
अलग-अलग समुदाय के थे दोनों पक्ष
बुजुर्ग के साथ हो रही मारपीट को देख दूसरा पक्ष मौके पर पहुंचा। चूंकि विवाद में शामिल दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय से बताए जा रहे हैं, इसलिए कुछ ही देर में दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।
जांच में जुटी पुलिस
मामले को लेकर सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बुधवार शाम लक्ष्मण चौक चौकी को गांधी ग्राम क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
