
Weather Alert on Phone Today: अगर आपका भी फोन आज शाम तीन या चार बजे के बीच बजा था तो आप अकेले नहीं है। और इसमें घबराने वाली भी कोई बात नहीं है। दरअसल ये एक टेस्टिंग अलर्ट था। जिसका परीक्षण आज किया गया। 20 मार्च 2026 को राज्य में एक टेस्टिंग अलर्ट (Testing Alert) जारी किया गया। इस परीक्षण का मकसद ये जांचना था कि आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली कितनी प्रभावी तरीके से काम कर रही है। साथ ही आपदा के समय लोगों तक संदेश कितनी तेजी से पहुंच पा रहा है।
क्या आपके भी फोन में आया अलर्ट!, एक दम से बजने लगा फोन?, जानिए वजह
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान से संबंधित सूचनाओं को आम लोगों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। जिससे संभावित आपदाओं के प्रति लोगों को पहले से सचेत किया जा सके। साथ ही जन-धन की हानि को भी कम किया जा सके।
एक हफ्ते तक जारी रहेगा टेस्टिंग अलर्ट
इसी को लेकर आज राज्य में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा एक टेस्टिंग अलर्ट जारी किया गया था। इस को और अधिक उन्नत एवं विश्वसनीय बनाने के लिए नियमित परीक्षण किए जा रहे हैं। ये आने वाले एक सप्ताह तक जारी रहेंगे।
क्यों किया जा रहा टेस्टिंग अलर्ट?
इन परीक्षणों के माध्यम से ये सुनिश्चित किया जा रहा है कि किस मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाता (Telecom Service Provider – TSP) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में अलर्ट संदेशों का प्रसारण ठीक ठंग से हो रहा है। साथ ही किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ ही ये भी परीक्षण किया जा रहा है कि विभिन्न परिस्थितियों में अलर्ट संदेश कितनी तेजी और सटीकता से लोगों तक पहुंच रहा है।
आपदा की संभावना के दौरान आएगा काम
इसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा की सम्भावना होने पर राज्य के नागरिकों को समय रहते सचेत किया जाना है। जिससे वे आवश्यकता पड़ने पर सावधानियां बरत सकें। इसके साथ ही इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन स्थितियों में प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
परीक्षण अलर्ट को गंभीरता से लें, घबराएं नहीं
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का ये प्रयास राज्य को आपदा के प्रति अधिक सजग, सुरक्षित और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे ऐसे परीक्षण अलर्ट को गंभीरता से लें, घबराएं नहीं, और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ये संयुक्त प्रयास ही राज्य को आपदाओं के प्रभाव से सुरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगा।
