Gurmeet singh chandhok

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काशीपुर रोड स्थित किरतपुर इलाके में एक गोदाम पर छापेमारी कर करोड़ों रुपए की एनसीईआरटी (NCERT) की किताबों का जखीरा बरामद किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि काशीपुर रोड के किरतपुर क्षेत्र में एक गोदाम में बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें संदिग्ध तरीके से रखी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम में छापेमारी की। छापे के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें बरामद हुईं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।
कंटेनर में लोड हो रही थी किताबें
मौके पर गोदाम के बाहर एक कंटेनर भी खड़ा मिला, जिसमें किताबें लोड की जा रही थीं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन किताबों को सप्लाई के लिए बाहर भेजने की तैयारी चल रही थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किताबें असली हैं या फर्जी, और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।
फिलहाल पूरे मामले की जांच पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से एनसीईआरटी की टीम भी जांच के लिए रुद्रपुर के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोदाम से बरामद किताबों और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
मामले की जांच जारी
जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह पूरा मामला अवैध भंडारण का है या किताबों की फर्जी छपाई और सप्लाई का कोई बड़ा नेटवर्क इससे जुड़ा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है
