Gurmeet singh chandhok

राजधानी देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह जोगी कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने देहरादून पुलिस और धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह जोगी ने कहा कि देहरादून में इस वक्त कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप नजर आ रही है। आए दिन जगह-जगह ऐसी घटनाएं हो रही है जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते दिन जिस तरह 23 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े बाजार में हत्या हुई है। यह बहुत ही गंभीर मामला है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह जोगी ने कहा कि गुंजन के परिवार द्वारा पुलिस को घटना से दो दिन पहले ही प्रार्थना पत्र दिया गया था। लेकिन पुलिस ने इसका कोई संज्ञान नहीं लिया। जिस वजह से युवती की इस तरह निर्मम हत्या हुई है। कांग्रेस पूरे मामले में जो भी संबंधित पुलिस कर्मी है उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
देहरादून में 5 दिन के भीतर तीसरी हत्या
बता दें देहरादून में 5 दिन के भीतर ये तीसरी हत्या है। इससे पहले 29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की निर्मम हत्या हुई थी। हत्यारे ने नाबालिग की उंगलियां, नाक और गला काट दिया था। यही नहीं भारी भरकम पत्थर से उसके सिर को भी कुचल दिया था। वहीं ऋषिकेश में भी 31 जनवरी को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
