Gurmeet singh chandhok
हल्द्वानी। बनारस और दिल्ली में प्राचीन मंदिरों एवं देवी–देवताओं की मूर्तियों को तोड़े जाने की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज बुद्ध पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मंदिर और देवी–देवताओं की मूर्तियाँ केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपरा की आत्मा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि काशी के मणिकर्णिका घाट क्षेत्र में प्राचीन मंदिरों और मूर्तियों को जेसीबी से तोड़ा जाना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर सीधा हमला है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि काशी जैसे पवित्र धार्मिक स्थल में मंदिरों को नुकसान पहुँचाना अत्यंत निंदनीय है और यह दर्शाता है कि भाजपा शासन में धार्मिक आस्थाएँ सुरक्षित नहीं हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने दिल्ली के झंडेवाला मंदिर को तोड़े जाने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि राजधानी में भी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा न होना सरकार की विफलता को उजागर करता है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषी अधिकारियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग की। पुतला दहन कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे
