
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
घोषणाओं की समीक्षा में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए आम जनता की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जाएं।
सीएम ने कहा कि निर्माण से संबंधित कार्यों में यदि किसी विभाग द्वारा प्रस्ताव किसी अन्य विभाग को हस्तांतरित किया जाना है, तो उसे जल्द भेजा जाए। विलंब करने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाए। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधायकों द्वारा बैठक में उठाई गई समस्याओं का संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। सीएम ने मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित वन विभाग के स्तर पर लंबित प्रकरणों की अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मॉनसून की चुनौतियों को लेकर बैठक बुलाने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान सीएम ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि वे मॉनसून के मौसम से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत समीक्षा बैठक बुलाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आगामी चारधाम यात्रा की सभी तैयारियां तय समय पर पूरी कर ली जाएं।
होटल एसोसिएशन के साथ की जाए बैठक आयोजित: CM
कमर्शियल गैस सिलेंडरों के संबंध में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि होटल एसोसिएशन के साथ समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि उनकी चिंताओं को सुना और सुलझाया जा सके। अंत में, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि तीर्थयात्रा के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
