
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत लाभार्थियों को 3 करोड़ 5 लाख रुपए से ज्यादा की धनराशि जारी की।
वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत
कैंप कार्यालय पर धनराशि लाभार्थियों की खातों में डीबीटी करने के बाद कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस योजना में प्रदेश सरकार 2020 से ही कोरोना महामारी के समय अभिभावकों को खो देने वाले बेसहारा बच्चों को हर महीने 3 हजार की सहायता राशि देती है। इस योजना के तहत 25 नवंबर तक का धन पहले ही जारी कर दिया गया था।
5114 और 5078 बच्चों को मिला सहारा
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि दिसंबर में 5114 लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 53 लाख 42 हजार रुपए गुरुवार को जारी किए गए हैं। जबकि जनवरी महीने के लिए कुल 5078 लाभार्थियों के 1 करोड़ 52 लाख 34 हजार रुपए की धनराशि जारी की गई है। योजना के तहत लाभार्थी के 21 साल के हो जाने या बालिका लाभार्थियों के विवाह या लाभार्थी के सेवायोजित हो जाने के बाद वह योजना से बाहर हो जाते हैं।
