
हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से बीजेपी का पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक फिर चर्चाओं में है। इस बार वजह है सोशल मीडिया में वायरल हो रहे उनके वीडियो। जिसमें चैंपियन बंदूकों की मौजूदगी में महिला डांसर के ठुमकों का लुत्फ उठाते हुए नजर आ रहे हैं।
महिला डांसर को प्रस्तुति का लुत्फ उठाते नजर आए पूर्व विधायक चैंपियन
खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वीडियो में चैम्पियन बंदूकों की मौजूदगी में महिला डांसर के ठुमकों का लुत्फ उठाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे डांस कर रही महिला को नोट देते हुए नजर आ रहे हैं।
शादी समारोह का बताया जा रहा वीडियो
बताया जा रहा है कि बीती रात चैंपियन एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। जहां स्टेज पर महिला डांसर प्रस्तुति दे रही थी। इसी दौरान पूर्व विधायक भी वहां कुर्सी लगाकर बैठ गए और कार्यक्रम का लुत्फ उठाने लगे। वीडियो में महिला डांसर के आसपास हथियार लिए खड़े दो व्यक्ति भी दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें पूर्व विधायक का सुरक्षा कर्मी बताया जा रहा है
हथियारों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि खानपुर सीट से जुड़े फायरिंग विवाद के बाद फिर सामने आए इस वीडियो ने हथियारों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
