



रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
चम्पावत में होली पर्व के उपलक्ष्य में जिला सूचना कार्यालय परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के पत्रकारों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए काली कुमाऊँ की प्रसिद्ध पारंपरिक होली का आनंद लिया। पूरा परिसर रंग, उमंग, आत्मीयता और लोक-संस्कृति की मधुर स्वरलहरियों से सराबोर हो उठा।
समारोह के दौरान पत्रकारों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर संगत में कुमाऊँनी खड़ी होली का सामूहिक गायन किया गया, जिसकी सुरमयी स्वरलहरियों ने पूरे वातावरण को लोक-संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया और उपस्थित सभी जनों को उत्साह एवं आनंद से भर दिया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी पत्रकार बंधुओं को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा स्वयं भी होली गायन में सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द, विश्वास, संवाद और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रशासन एवं मीडिया के मध्य स्वस्थ समन्वय जनहितकारी योजनाओं एवं सूचनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी ने भी पत्रकारों को रंग लगाकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी आत्मीयता को सुदृढ़ करते हैं, पारस्परिक सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा कार्य संबंधों में और अधिक सामंजस्य स्थापित करते हैं।
समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने भी पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति दी तथा हंसी-ठिठोली, लोकधुनों और रंगों के उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच आयोजित इस होली मिलन समारोह का आत्मीयता एवं उत्साह के साथ आनंद लिया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान सहित सूचना विभाग से आशा गोस्वामी, गीता महर, सुरेश पांडे, खीमानंद जोशी, गोपाल थ्वाल तथा जनपद के समस्त पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
