



रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
संत शिरोमणि संत रविदास जी की जयंती जनपद चम्पावत में विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों, नगर निकायों एवं कार्यालयों में श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
प्रातः मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों द्वारा कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सभी ने साफ-सफाई बनाए रखने तथा संत रविदास जी के संदेशों को व्यवहार में उतारने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में राजकीय पॉलीटेक्निक लोहाघाट तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास टनकपुर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर संस्था के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान परिसर भक्तिमय एवं प्रेरणादायी वातावरण से ओतप्रोत रहा।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता और समान अवसरों की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और जागरूक समाज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य श्री धर्मेंद्र प्रकाश ने संत रविदास जी के जीवन, विचारों एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को समरसता, समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं तथा युवाओं को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
