










*शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: जिलाधिकारी*
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जन-सामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
इस दौरान कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए निर्देशित किया कि जो प्रकरण तत्काल निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका मौके पर समाधान किया जाए तथा शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए।
ग्राम कांडा के श्री लीलामणी भट्ट द्वारा पेयजल कनेक्शन की मांग पर जिलाधिकारी ने जल निगम को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम नयाखेड़ा, टनकपुर निवासी श्री त्रिभुवन राम की रजिस्टर्ड भूमि पर हुए कब्जे की शिकायत पर उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि (टनकपुर) को सर्वे कर प्रकरण स्पष्ट करने को कहा गया।
श्रीमती ममता बोहरा एवं मल्ली मादली की श्रीमती बबीता देवी द्वारा राशन कार्ड को बीपीएल श्रेणी में परिवर्तित किए जाने की मांग पर खंड विकास अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कनलगांव वार्ड के श्री विवेक गिरी के विकलांग प्रमाण पत्र में संशोधन के प्रकरण में जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम धामीसौन की श्रीमती दीपा खर्कवाल के श्रमिक कार्ड बनाए जाने के संबंध में श्रम विभाग को शीघ्र कार्यवाही करने को कहा गया।
ग्राम गुर्जिला पाली के श्री जगदीश पांडेय द्वारा आपदा के कारण हुए भू-कटाव की शिकायत पर सिंचाई, राजस्व एवं संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त श्रीमती ईश्वरी देवी, श्रीमती भवानी देवी, श्री डूंगर देव, श्रीमती गीता पालीवाल, श्री शिव शंकर शर्मा, श्री पंकज कुमार, श्रीमती अनीता नरियाल, प्रेमा खर्कवाल सहित अन्य नागरिकों द्वारा भी विभिन्न शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का विधिवत पंजीकरण कर निर्धारित तिथि के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
