



जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टेलीकॉम समिति की बैठक संपन्न
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में दूरसंचार सेवाओं की वर्तमान स्थिति, नेटवर्क विस्तार, डिजिटल कनेक्टिविटी तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित मोबाइल टावरों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि नेटवर्क कवरेज में तेजी से सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी उपलब्ध कराई गयी सूची के आधार पर जिलाधिकारी बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के नेटवर्क विहीन विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में शीघ्र दूरसंचार सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण शिक्षा, प्रशासनिक कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं के संचालन में बाधाएं उत्पन्न होती हैं, जिससे विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी टेलीकॉम कंपनियों से अपेक्षा करते हुए कहा कि वे केवल व्यावसायिक दृष्टिकोण तक सीमित न रहकर सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नेटवर्क विस्तार पर विशेष ध्यान दें, जहां जनसंख्या कम होने के बावजूद नागरिकों को कनेक्टिविटी की अत्यधिक आवश्यकता है।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के ऐसे सभी शासकीय एवं अर्ध-शासकीय संस्थानों—जैसे विद्यालय, पंचायत भवन, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) आदि—की सूची, जहां नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, भौगोलिक निर्देशांकों (लोकेशन कोऑर्डिनेट) सहित तत्काल उपलब्ध कराई जाए, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में आधार अनुश्रवण, आधार नामांकन/अपडेट केंद्रों तथा भारत नेट कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर यूआईडीएआई के अधिकारियों द्वारा प्रगति से अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने जनपद में आधार सेवाओं के सुचारु एवं प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तनुज रावल सहित बीएसएनएल, एयरटेल, जियो, वीआई के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
