रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
आगामी ‘भारत की जनगणना 2027’ को सफल, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में सोमवार से जिला कार्यालय सभागार में जनपद चम्पावत में समस्त चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जनगणना क्लर्कों के लिए त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को पूर्ण सटीकता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करने हेतु संबंधित अधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन मास्टर ट्रेनर्स ने इस बात पर विशेष बल दिया कि जनगणना 2027 पिछली गणनाओं से इस मायने में भिन्न है कि इसमें ‘डिजिटल डेटा कलेक्शन’ को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से डेटा को रियल-टाइम सिंक करने की तकनीकी बारीकियां सिखाई गईं। अधिकारियों को बताया गया कि मकान सूचीकरण (Houselisting) का उद्देश्य केवल भवनों की गिनती करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार तक पहुँचने के लिए एक सटीक आधार तैयार करना है, ताकि भविष्य की सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँच सके।
कार्यशाला के दौरान चार्ज अधिकारियों को उनके संबंधित क्षेत्रों में वार्ड और गांव की सीमाओं के सटीक निर्धारण (Boundary Mapping) के कड़े निर्देश दिए गए। प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि हाउसलिस्टिंग के दौरान बिजली, पानी, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विवरण को दर्ज करते समय अत्यधिक सावधानी बरती जाए। साथ ही, फील्ड स्तर पर प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) के प्रबंधन, उनकी नियुक्ति और डेटा वेरिफिकेशन की जटिल प्रक्रियाओं को भी विस्तार से समझाया गया।
अनुभवी ट्रेनर्स द्वारा मार्गदर्शन
कार्यक्रम में मुख्य ट्रेनर के रूप में सहायक निदेशक अरविंद कुमार, श्री हिमांशु सिंह जंतवाल एवं श्री भवेश धीमान द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षकों ने जनगणना कार्य की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, गोपनीयता और उत्तरदायित्व के साथ करने को कहा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि डेटा संकलन में किसी भी स्तर पर त्रुटि या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों के समाधान हेतु व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया ताकि यह अभियान सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान समस्त चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं जनगणना क्लर्क सहित अन्य आदि उपस्थित रहे।
