
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत ₹481.57 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी: पहली किस्त के रूप में ₹1.92 करोड़ आवंटित
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने और अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के संकल्प को शासन द्वारा गति प्रदान की गयी है।
मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 341/2024 को प्राथमिकता पर देते हुए उत्तराखंड शासन द्वारा जनपद चम्पावत के बेलखेत में क्वैराला नदी पर 85 मीटर स्पान के पैदल झूला पुल के निर्माण हेतु ₹481.57 लाख (चार करोड़ इक्यासी लाख सत्तावन हजार) की महत्वपूर्ण प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आपदा प्रबंधन विभाग और वित्त विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए, राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDRF) मद के अंतर्गत इस योजना को मंजूरी दी गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित ‘राज्य कार्यकारिणी समिति’ के अनुमोदन के बाद, शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल लागत की 40 प्रतिशत धनराशि (₹192.63 लाख) प्रथम किस्त के रूप में अवमुक्त किये गए है, तथा शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग को इस पुल के निर्माण हेतु कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि शासन के इस निर्णय से बेलखेत क्षेत्र की बड़ी आबादी को बारहमासीह कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में होने वाली दिक्कतों से निजात मिल सकेगी। साथ ही जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य मे मानकों का पूर्ण ध्यान रखने हेतु विशेष निर्देश दिए है।
