Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी – एलपीजी गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों के बीच कुमाऊं मंडल में प्रशासन सतर्क हो गया है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों को गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो सके।
दरअसल, इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है। इसका सीधा प्रभाव एलपीजी गैस की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। हाल ही में एलपीजी सिलेंडर के दामों में करीब 60 से 115 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता की चिंता बढ़ गई है।
कीमतों में बढ़ोतरी के बीच कई स्थानों से गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए कमिश्नर दीपक रावत ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि गैस एजेंसियों और वितरण व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि एलपीजी की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े
