



रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जनपद के ग्राम सेलासलपड़ में बीते शनिवार, 21 फरवरी 2026 को हुई दुखद अग्निकांड की घटना के प्रभावितों को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत पहुँचाई गई है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में राजस्व विभाग और रेड क्रॉस सोसायटी की टीम ने प्रभावित परिवारों से भेंट कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
अग्निकांड की इस घटना में हुए नुकसान का त्वरित आकलन करने के बाद, प्रभावितों को आपदा राहत कोष से नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई है। इसके साथ ही, मानवीय सहायता के तौर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से प्रभावित परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गई हैं। राहत सामग्री में मुख्य रूप से किचन सेट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट और अन्य जरूरी घरेलू सामान शामिल हैं, ताकि प्रभावित परिवार अपनी तात्कालिक जरूरतों को पूरा कर सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावितों को दी जाने वाली अन्य अनुमन्य सहायता प्रक्रियाओं को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। राजस्व टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे जारी रखें ताकि कोई भी प्रभावित सहायता से वंचित न रहे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिवारों ने राहत महसूस की है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजस्व उपनिरीक्षक और रेड क्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
