
देहरादून में 14 अप्रैल को प्रस्तावित पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकट तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएम धामी ने लिया तैयारियों का जायजा
14 अप्रैल को देहरादून में पीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन को देखते हुए, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके लिए उन्होंने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से यात्रा की और विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत जायज़ा लिया। सीएम ने अधिकारियों से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं, पेयजल, बिजली आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली।
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च स्तर की हों, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सीएम ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए। सीएम ने यातायात प्रबंधन की सुव्यवस्थित योजना तैयार करने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप की जाएं सभी तैयारियां पूरी: CM
जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की
