Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी – बनभूलपुरा के चोरगलिया रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास आयोजित उर्स मेले में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। ऊर्जा निगम की टीम ने छापेमारी कर मीटर को बाईपास करके अतिरिक्त बिजली का इस्तेमाल किए जाने का खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में करीब 18 किलोवाट बिजली चोरी का अनुमान लगाया गया है। मामले में यूपीसीएल ने मेला आयोजक नियाज अहमद के खिलाफ बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, बिजली चोरी के मामले में करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा में चार नवंबर से उर्स मेले का आयोजन किया जा रहा था। मेले के लिए ऊर्जा निगम से अस्थायी विद्युत कनेक्शन लिया गया था। निगम की ओर से बाकायदा मीटर भी लगाया गया था, लेकिन निर्धारित कनेक्शन के बावजूद मेले में अतिरिक्त बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोप है कि मीटर के तार में कट लगाकर बाईपास कनेक्शन जोड़ दिया गया था, जिससे मीटर में दर्ज हुए बिना ही बिजली की खपत हो रही थी।
गुरुवार देर रात यूपीसीएल की टीम ने अचानक मेले में छापा मारा तो बिजली चोरी का मामला पकड़ में आया। जांच में सामने आया कि मीटर को बाईपास कर अतिरिक्त लोड चलाया जा रहा था। मेले में अधिक बिजली खपत वाली हैलोजन लाइटें भी लगाई गई थीं। टीम ने मौके से विद्युत मीटर और तार जब्त कर कनेक्शन काट दिया। इसके बाद उपखंड अधिकारी कालाढूंगी की ओर से मेला आयोजक नियाज अहमद के खिलाफ बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर सौंपी गई। बिजली चोरी के आकलन और जुर्माने की कार्रवाई के लिए फाइल यूपीसीएल मुख्यालय भेजी गई है।
मीटर रीडर की लापरवाही पर सेवा समाप्त –
दूसरी ओर, यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता रवि राजौरा ने लालडांठ क्षेत्र में छापेमारी कर विद्युत मीटरों की जांच की। इस दौरान एक घर के स्मार्ट मीटर की रीडिंग में गड़बड़ी मिली। जांच में पता चला कि निगम के मीटर रीडर ने गलत रीडिंग दर्ज की थी। मामला सामने आने के बाद संबंधित ठेका कर्मी मीटर रीडर की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
112 बिजली चोरी के मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल –
बनभूलपुरा में बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम की कार्रवाई को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब एक माह पहले निगम की टीम ने क्षेत्र में अभियान चलाकर 112 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले पकड़े थे। इन मामलों में आरोपियों के खिलाफ बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर भी दी गई थी, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बिजली चोरी के मामलों में कार्रवाई नहीं होने से क्या आरोपियों के हौसले बढ़ रहे हैं?
ऊर्जा निगम की कार्रवाई के बावजूद क्षेत्र में बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने से विभागीय और पुलिस कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि उर्स मेले में पकड़ी गई बिजली चोरी के मामले में प्रस्तावित 12 लाख रुपये के जुर्माने और पुलिस कार्रवाई को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं
