Gurmeet singh chandhok

उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर पुराने और गंभीर मामले सतह पर आ गए हैं। पूर्व मंत्री एवं भाजपा की पूर्व यमकेश्वर विधायक विजय बड़थ्वाल ने हरक सिंह रावत और जैनी मामले को लेकर तीखा और बेबाक बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि आज राजनेताओं ने वास्तविक मुद्दों पर बात करना तो दूर, उसका दिखावा करना भी छोड़ दिया है। देहरादून की फिजां पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था को सत्ता के दलालों, सौदेबाजों, पाला बदलने वालों और ब्लैकमेलरों ने पूरी तरह भ्रष्ट कर दिया है, जिससे आम जनता का विश्वास डिगने लगा है। नक्शेदेखें
न्याय प्रणाली और जांच एजेंसियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए
पूर्व विधायक बड़थ्वाल ने न्याय प्रणाली और जांच एजेंसियों की कार्यशैली पर भी गहरे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि हम सीबीआई जैसी प्रीमियम एजेंसियों की भूमिका पर भी पूरी तरह आंख मूंदकर भरोसा नहीं कर सकते। जैनी मामला पिछले 23 सालों से अनसुलझा पहेली बना हुआ है, तो वहीं दूसरी ओर बेटी अंकिता भंडारी के मामले में अब तक कोई ठोस व अंतिम इंसाफ नहीं मिला है, जिसके चलते उसके माता-पिता आज भी न्याय पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं उन्होंने आरोप लगाया कि ये भ्रष्ट और अवसरवादी तत्व हमेशा आक्रामक रवैया अपनाते हैं और मीडिया पर पानी की तरह पैसा बहाकर पूरे नैरेटिव को अपने पक्ष में नियंत्रित करना चाहते हैं।
जैनी मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आरोपी ने साल 2003 से लेकर अब तक खुद को बचाने के लिए हर दौर में दूसरों पर ठीकरा फोड़ा है, कभी 2003 में तत्कालीन मुख्य सचिव मधुकर गुप्ता पर साजिश का इल्जाम लगाया, तो 2005 में अपनी ही पार्टी की सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी के खिलाफ बगावत कर दी। साल 2016 में हरीश रावत पर षड्यंत्र का आरोप मढ़ा गया और हालिया घटनाक्रम में खुद को बचाने के लिए समिति के पुरुष विधायकों को छोड़ सिर्फ दो महिला विधायकों (स्वयं और आशा नौटियाल) को ही सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया।
जेनी व अंकिता हत्याकांड में सीबीआई के जांच के तौर-तरीके संदेह के घेरे में
जांच की विश्वसनीयता पर बात करते हुए बड़थ्वाल ने कहा कि 2003 के जैनी प्रकरण से लेकर अंकिता भंडारी हत्याकांड तक, सीबीआई की क्लीन चिट और जांच के तौर-तरीके आज भी संदेह के घेरे में हैं। पीड़िता पक्ष ने खुद यह बात उठाई है कि भाषाई विवशता का लाभ उठाकर और राजनीतिक रसूख के प्रभाव में आकर बयानों तथा डीएनए सैंपल्स के साथ छेड़छाड़ की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधा अनुरोध किया है कि वे अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई जांच का गंभीरता से फॉलो-अप लें। उन्हें पूरा विश्वास है कि एक दिन इस मामले के असली ‘VIP’ की पहचान सामने आएगी और वह इसी रसूखदार गिरोह का सदस्य निकलेगा।
दल चाहे बदले, अपराधियों -रसूखदारों को बचाने वाला गठजोड़ नहीं बदलता
अपने राजनीतिक सफर और संगठन के भीतर की विसंगतियों पर खुलकर बोलते हुए उन्होंने 2016 के घटनाक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि जब हरक सिंह रावत भाजपा में शामिल हुए थे, तो उन्होंने उनकी ही पारंपरिक सीट से चुनाव लड़ने का दावा ठोक दिया था। साल 2017 में बाहरी और दलबदलू नेताओं को समायोजित करने के चक्कर में पार्टी के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के हितों को कुचला गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह हमारी विचारधारा की विफलता नहीं, बल्कि राजनीति की आड़ में घुसे अवसरवादी तत्वों की गंदी प्रवृत्ति है। दल चाहे बदलते रहें, लेकिन अपराधियों और रसूखदारों को बचाने वाला यह अंदरूनी गठजोड़ कभी नहीं बदलता।
विवादास्पद लोगों को संरक्षण देने वालों को बाहर करे भाजपा का शीर्ष नेतृत्व
अंत में, भाजपा और आरएसएस के मूल सिद्धांतों का हवाला देते हुए उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से निष्ठावान अपील की है कि वे संगठन और जांच एजेंसियों के भीतर छिपे उन चेहरों को पहचानकर तुरंत बाहर करें जो सांगठनिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर ऐसे विवादास्पद लोगों को संरक्षण देते हैं। उत्तराखंड की बेटियों की गरिमा को राजनीतिक सौदेबाजी का साधन न बनने देने का संकल्प लेते हुए उन्होंने प्रदेश की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर दो सूत्रीय मांगों पर आवाज बुलंद करें—पहला, जेनी प्रकरण की जांच की प्रामाणिकता की पुनः समीक्षा हो और दूसरा, अंकिता भंडारी के हर एक दोषी व वीआईपी को कठोरतम दंड मिले
