Gurmeet singh chandhok
सोशल मीडिया पर रील बनाने और वायरल होने की सनक किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसका एक हैरान करने वाला मामला पश्चिम बंगाल के कोलकाता से सामने आया है। यहां गरफा थाना क्षेत्र में कुछ युवकों पर एक नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया था, ताकि उसे सोशल मीडिया पर रील के रूप में पोस्ट किया जा सके।
यह घटना 27 अक्टूबर को गरफा के हलतू स्थित लेनिननगर इलाके में एक तालाब के किनारे हुई। पीड़ित को जलते कपड़ों के साथ किसी तरह भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्घ्य साहा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।
हेलमेट पहनाकर आंखों पर बांधी पट्टी, फिर मारे थप्पड़:
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पीड़ित काम खत्म करके घर लौट रहा था। इसी दौरान अर्घ्य साहा के नेतृत्व में कुछ युवक और किशोर उसे तालाब के पास ले गए। वहां उसे सीमेंट की बेंच पर बैठाया गया। इसके बाद आरोपियों ने खेल का बहाना बनाकर उसके सिर पर हेलमेट पहनाया और आंखों पर पट्टी बांध दी।
इसके बाद एक-एक करके उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए गए। आरोपियों ने उससे पूछा कि किसने उसे थप्पड़ मारा है। नाबालिग आंखों पर पट्टी बंधी होने के कारण किसी की पहचान नहीं कर पाया। करीब 10 से 12 थप्पड़ खाने के बाद भी जब वह हमलावरों का नाम नहीं बता सका तो आरोपियों ने उसके साथ और मारपीट की।
पेट्रोल पिलाने की कोशिश, विरोध किया तो लगा दी आग:
आरोप है कि जब पीड़ित ने हेलमेट और आंखों पर बंधी पट्टी हटा दी तो आरोपियों ने उसे इसकी सजा देने की बात कही। इसके बाद मुख्य आरोपी अर्घ्य ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला और एक छोटे पात्र में रख लिया। आरोपियों ने नाबालिग को जबरन पेट्रोल पिलाने की कोशिश की। हालांकि, पेट्रोल की गंध महसूस होते ही उसे शक हो गया और उसने हाथ से पात्र को दूर कर दिया। इससे आरोपी नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद उसके शरीर पर पेट्रोल डाल दिया गया।
वहां मौजूद एक अन्य नाबालिग से माचिस मंगवाई गई। फिर जलती हुई तीली पीड़ित की तरफ फेंक दी गई। देखते ही देखते उसके कपड़ों में आग लग गई। अचानक आग की लपटों से घिरे नाबालिग ने जान बचाने के लिए दौड़ लगा दी।
जलते कपड़े उतारकर बचाई जान:
पीड़ित किसी तरह मौके से भागा और अपने जलते हुए कपड़े उतारकर आग बुझाने की कोशिश की। उसकी हालत देखकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर गरफा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। शरीर का कुछ हिस्सा आग से झुलसने के कारण नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि उसकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
500 रुपये का विवाद भी आया सामने:
जांच के दौरान घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले आरोपियों में से एक को उससे 500 रुपये लेने थे। उसका दावा है कि वह पैसे लौटा चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उससे नाराज थे। पुलिस इस पुराने विवाद को भी घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
पुलिस पूछताछ में क्या कहने की दी गई थी हिदायत?
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने कथित तौर पर पूरी घटना का वीडियो बनाया था। शुरुआती जांच के मुताबिक, वे सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करते थे और इसी मकसद से उन्होंने नाबालिग के साथ हुई इस वारदात को कैमरे में रिकॉर्ड किया। आरोप है कि पीड़ित को पहले से यह भी समझाया गया था कि अगर पुलिस पूछताछ करे तो वह कहे कि पूरी घटना उसकी सहमति से रील बनाने के लिए हुई थी। उसे यह भी कहने को कहा गया था कि उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी हिरासत में:
पीड़ित के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्घ्य साहा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस घटना का वीडियो खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था। पुलिस आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो को लेकर भी जांच कर रही है।
