Hayat ram arya





सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों से वाहनों को पास देना मुश्किल, तेंदुए और जंगली जानवरों के छिपे होने का भी खतरा; शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
चम्पावत। डंडा मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क के दोनों ओर उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों के चलते वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और दोनों ओर फैली झाड़ियों के कारण टू-व्हीलर से लेकर फोर-व्हीलर चालकों तक को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, इसके बावजूद संबंधित विभाग और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ टनकपुर और रीठा साहिब आने-जाने वाले टैक्सी चालकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी सड़क से श्रद्धालु नियमित रूप से ध्यान दुर्गा मंदिर भी पहुंचते हैं। सड़क संकरी होने और दोनों ओर झाड़ियां फैली होने के कारण सामने से वाहन आने पर पास देना मुश्किल हो जाता है। वहीं झाड़ियों में तेंदुए और अन्य जंगली जानवरों के छिपे होने की आशंका से वाहन चालकों और राहगीरों में भय बना रहता है।
स्थानीय निवासी पान सिंह का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति और झाड़ियों की समस्या को लेकर कई बार संबंधित लोगों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक न तो झाड़ियों का कटान कराया गया और न ही सड़क के गड्ढों को भरा गया है। इससे स्थानीय लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कराने, गड्ढों को भरने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जिलाधिकारी चम्पावत के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
