Gurmeet singh chandhok

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। दिल्ली में राजघाट पर मौन व्रत पर बैठे अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दौरान बिगड़ी अंकिता भंडारी की मां की तबियत
बता दें अंकिता भंडारी के माता-पिता नई दिल्ली स्थित राजघाट पर अपनी मांगों को लेकर मौन व्रत कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से जबरन हटा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान अंकिता की मां सोनी देवी की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कांग्रेस ने की अंकिता के परिजनों की रिहाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए अंकिता के माता-पिता को तत्काल रिहा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे माता-पिता के साथ इस तरह का व्यवहार करना उचित नहीं है।
राजघाट से डिटेन में लिए जाने के बाद अस्पताल में फूट-फूटकर सोनी देवी
पुलिस की कार्रवाई के दौरान अंकिता की मां की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में होश आने के बाद अंकिता की मां अपने पति की गोद में सिर रखकर फूट-फूटकर रोने लगीं। इस भावुक कर देने वाले पल का वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि सितंबर 2022 में उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित वनंतरा रिजॉर्ट में काम करने वाली अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दोषियों को सजा मिलने के बावजूद अंकिता के माता-पिता लगातार कुछ अन्य पहलुओं की निष्पक्ष जांच और सीबीआई जांच की मांग उठा रहे हैं। वे सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम को पद से हटाने की मांग भी कर रहे हैं। इससे पहले अक्टूबर में भी अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पहुंचकर उनका समर्थन किया था। अब राजघाट पर हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज कर दी है
