बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को निजी वाहनों से जाना पड़ रहा लोहाघाट और चम्पावत, स्वास्थ्य विभाग से सेवा सुचारू करने की मांग


Hayat ram arya
पाटी (चम्पावत)। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रीठा साहिब की 108 एंबुलेंस खराब होने से अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को निजी वाहनों का इंतजाम कर अपने खर्चे पर लोहाघाट और चम्पावत जाना पड़ रहा है। इससे बीमार बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की परेशानी बढ़ गई है।
रीठा साहिब अस्पताल पर क्षेत्र की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर है। इसमें ग्राम पंचायत गोलडांडा, बिनवाल गांव, धरसो, परेवा, चौड़ापिता, चौड़ा मेहता, कुलियाल गांव, मछियाड़, साल, खराही, मंगललेख, एकबारसी, रमक, भिंगराड़ा, गड्यूड़ा और चल्थिया समेत कई गांव शामिल हैं। इन क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। गंभीर हालत में मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर किया जाता है, लेकिन 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से उन्हें निजी वाहनों से जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र में पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात के साधनों की कमी है। ऐसे में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा बंद रहने से मरीजों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
जिला पंचायत सदस्य खरही सोनू बोहरा, ग्राम प्रधान कुंदन सिंह, ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, कैलाश नाथ, संजय बेनीवाल, दीपक सिंह, अनिल वर्मा, जगदीश सिंह बोरा और भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवान राम सहित अन्य लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से रीठा साहिब की 108 एंबुलेंस को जल्द ठीक कर सेवा सुचारू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होने से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में राहत मिल सकेगी।
