Gurmeet singh chandhok

बीते दिन यानी शुक्रवार 30 अक्टूबर को उत्तराखंड में बड़ा हादसा हो गया। यहां बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। जिसमें पायलट भी शामिल है। अभी फिलहाल हादसे की जांच हो रही है। इसी बीच अब बद्रीनाथ हादसे के बाद विभाग एक्शन मोड में आ गया है। भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।
भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ान पर रोक
इस हादसे के बाद एहतियातन के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है। कंपनी के बाकी हेलिकॉप्टर्स की उड़ान फिलहाल के लिए रोक दी गई है। तो वहीं आज यानी शनिवार को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) में हाईलेवल मीटिंग बुलाई गई है।
सुबह 5 बजे फिर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
बता दें कि जिस जगह ये हादसा हुआ, वो एक खतरनाक पहाड़ी और जंगली इलाका है। जहां हिमालयन भालू की गतिविधियां अधिक हैं। इसके साथ ही अंधेरे की वजह से और बाकी कारणों से शुक्रवार रात 8 बजे के बाद राहत और बचाव का काम रोक दिया गया। शनिवार सुबह पांच बजे इसे दोबारा शुरू किया गया। सभी के शव फिलहाल अभी घाटी में ही हैं। शवों को सेना की मदद से बाहर निकाला जा रहा है।
AAIB करेगा हेलिकॉप्टर हादसे की जांच
हादसा काफी गंभीर है। इसी को देखते हुए अब Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की जांच भी अहम होगी। मालूम हो कि भारत में नागरिक विमानन दुर्घटनाओं की जांच के लिए AAIB अधिकृत एजेंसी है।
