Gurmeet singh chandhok


दिनांक 22.10.2026 को डायल 112 के माध्यम से थाना भीमताल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि भीमताल के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से श्रमिक दब गए हैं।
सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली भीमताल पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी अपराध एवं यातायात नैनीताल, श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली तथा श्री राजेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भीमताल सहित पुलिस टीम ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य (रेस्क्यू) किया। रेस्क्यू अभियान में उपनिरीक्षक अरविंद, उपनिरीक्षक सुशीला, अपर उपनिरीक्षक गणेश राणा एवं अपर महिला उपनिरीक्षक अंजुला जॉन सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
घटनास्थल से *लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक झोपड़ी में एक महिला एवं एक पुरुष के शव रखे हुए मिले। मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग एवं मृतकों के परिजन मौजूद थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक दोनों व्यक्ति अन्य श्रमिकों एवं ठेकेदार के साथ रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य में लगे हुए थे। निर्माण कार्य के दौरान दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिकों की दबकर मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया।
घायल श्रमिक से पूछताछ में भी निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से श्रमिकों के दबने की जानकारी प्राप्त हुई। घटना का समय लगभग दोपहर 2:30 से 3:00 बजे के बीच बताया जा रहा है।
मृतकों का विवरण:
1. गौरी देवी, पत्नी महेंद्र, उम्र लगभग 38 वर्ष, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हल्द्वानी, हाल निवासी निसौला, भीमताल।
2. हरीश थापा, पुत्र दीपक थापा, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी उपरोक्त।
घायल का विवरण:
नेत्र बहादुर उर्फ संजू, निवासी उपरोक्त।
तीनों श्रमिक मूल रूप से राजापुर, नेपाल के निवासी बताए गए हैं।
घायल श्रमिक को उपचार हेतु डायल 112 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भीमताल भेजा गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिसके माध्यम से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। निर्माण कार्य से संबंधित मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मीडिया सेल
जनपद नैनीताल
