Gurmeet singh chandhok

रुद्रपुर। रुद्रपुर से सटी उत्तर प्रदेश की बत्रा कॉलोनी में आयकर विभाग की कई टीमों ने सोमवार सुबह शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी रोहिताश बत्रा और नामचीन चिकित्सक डॉ. दीपक छाबड़ा के आवास पर छापेमारी की। सर्च एंड सीजर की इस कार्रवाई के दौरान टीमों ने दोनों के घरों में तलाशी लेकर कारोबार, संपत्ति, बैंक खातों और आयकर रिटर्न से संबंधित जानकारी जुटाई। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवानों और यूपी पुलिस को तैनात किया गया था। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा और भाजपा नेता अमित नारंग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने किसी को भी घरों के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया।
राजस्थान में 3 हॉस्पिटलों पर आयकर की रेड
आयकर विभाग की कार्रवाई जारी थी। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की मुख्य टीम गाजियाबाद से आई थी। इसके अलावा लखनऊ और कानपुर के अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल रहे। करीब 12 टैक्सी नंबरों की गाड़ियों से पहुंचीं टीमों ने दोनों आवासों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने दोनों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी जांच की। आयकर विभाग की टीम सबसे पहले डॉ. दीपक छाबड़ा के पास पहुंची। उस समय वह जिम में थे। टीम ने उन्हें घर चलने और कार्रवाई में सहयोग करने को कहा। वहीं, दूसरी टीम मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी रोहिताश बत्रा के पास पहुंची और उन्हें उनके आवास पर लेकर आई। इसके बाद दोनों को आयकर विभाग की सर्च एंड सीजर कार्रवाई की जानकारी देकर जांच में सहयोग करने को कहा गया। तलाशी के दौरान टीम ने कारोबार और संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों, आयकर रिटर्न और बैंक खातों की जानकारी जुटाई। घरों में रखे निजी लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की गई। इसके अलावा मौके पर मिले जेवरात के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने उनकी खरीद की रसीदें भी मांगीं।
