
Gurmeet singh chandhok
उत्तराखंड – प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता और भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने गत दिवस को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद उत्तराखंड की चकराता विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। रामशरण नौटियाल वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में चकराता सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह को 36,853 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी रामशरण नौटियाल को 27,417 मत प्राप्त हुए थे। प्रीतम सिंह ने 9,436 वोटों के अंतर से चुनाव जीता था।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पार्टी के स्थानीय नेताओं के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान को लेकर रामशरण नौटियाल नाराज थे। वर्ष 2023 में भी उन्होंने प्रेसवार्ता कर स्थानीय स्तर पर कई मुद्दे उठाए थे और अपनी ही पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाए थे। उन्होंने चकराता और कालसी क्षेत्र में भ्रष्टाचार तथा जौनसार-बावर में लकड़ी तस्करी को लेकर भी आरोप लगाए थे। हालांकि, इन आरोपों के संबंध में संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया और स्वतंत्र पुष्टि अलग-अलग विषय हैं।
हाल के कुछ राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच रामशरण नौटियाल सार्वजनिक तौर पर सक्रिय नजर नहीं आए। मंगलवार को उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रामशरण नौटियाल के इस्तीफे की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है। रामशरण नौटियाल के इस्तीफे के बाद अब उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल –
रामशरण नौटियाल वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह पराजित हो गए थे। बताया जा रहा है कि नौटियाल भाजपा में स्वयं को असहज महसूस कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस में शामिल होने की स्थिति में वह विकासनगर अथवा सहसपुर में से किसी एक विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं
