Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी: कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान मंगलवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। नैनीताल रोड पर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट के दौरान एक छात्र नेता के सिर पर चोट लग गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया।स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप किया और छात्रों को लाठी फटकारते हुए मौके से खदेड़ा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुबह से ही पुलिस और छात्र नेताओं के बीच कई बार तीखी झड़प की स्थिति बनी।
एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, बावजूद इसके चुनाव के दौरान हंगामा और मारपीट की घटना सामने आई। वहीं, हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े छात्र संगठनों की सक्रियता के चलते चुनाव पर सबकी नजरें बनी हुई हैं।
