Gurmeet singh chandhok

चम्पावत में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं से लेकर EVM-VVPAT, कार्मिक, वाहन और सुरक्षा इंतजामों तक हर बिंदु पर समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए गए।
चम्पावत DM ने की तैयारियों की समीक्षा
चम्पावत में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्वाचन से जुड़े सभी प्रमुख कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। डीएम ने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों की तैयारियां समय से पूरी करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
DM ने की नोडल अधिकारियों के डाटाबेस की समीक्षा
बैठक में मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, निर्वाचन व्यय निगरानी टीमों और नोडल अधिकारियों के डाटाबेस की समीक्षा की गई। सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्रों तक पहुंच मार्ग, बिजली, पेयजल, शौचालय और रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच कर कमियों को पहले से दूर करने को कहा गया।
दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा पर विशेष फोकस
दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की सुविधा पर भी विशेष फोकस रखा गया है। डीएम ने दिव्यांग मतदाताओं की मैपिंग, पात्र मतदाताओं का विवरण अद्यतन करने और निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार होम वोटिंग की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वीप प्लान के जरिए युवा, महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ और दूरस्थ क्षेत्रों के मतदाताओं तक मतदान का संदेश पहुंचाने को कहा गया।
निर्वाचन व्यय की समीक्षा
वहीं EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच, वल्नरेबिलिटी मैपिंग, कानून एवं शांति व्यवस्था और निर्वाचन व्यय निगरानी की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों का समय से आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दी जिम्मेदारियां
चुनाव के दौरान परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गईं। हल्के और भारी वाहनों की उपलब्धता, निर्वाचन सामग्री और सुरक्षा बलों के आवागमन तथा CAPF के ठहरने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सुरक्षा बलों के लिए आवास, पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी जरूरी सुविधाओं वाले स्थानों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए गए।
