Gurmeet singh chandhok

देहरादून में पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लोगों के बीच गलत नैरेटिव और भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना जरूरी है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्य और प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए।
EC विवाद पर सीएम धामी की PC
सीएम धामी ने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई थी। उन्होंने दावा किया कि 24 जून 2025 को जारी आदेश सर्वसम्मति से लिया गया था और इसके बाद ही एसआईआर समेत अन्य प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित करना नहीं है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों, गरीब वर्ग और पहली बार मतदान करने वाले पात्र मतदाताओं के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सके।
अवसाद में रहते हैं राहुल गांधी: CM
सीएम धामी ने राहुल गांधी पर मर्यादा लांघने का आरोप लगाया है। सीएम धामी ने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह संस्कार-विहीन हो चुके हैं। उनमें कोई राजनीतिक या सामाजिक गंभीरता नहीं बची है। सीएम ने कहा राहुल गांधी के परनाना प्रधानमंत्री रहे, दादी प्रधानमंत्री रहीं। पिता प्रधानमंत्री रहे, मां सुपर प्रधानमंत्री रही, वे खुद डिप्टी पीएम रहे, तो राहुल गांधी को लगता है कि गरीब मां का बेटा देश कैसे चला रहा है। राहुल लगातार इसी अवसाद में रहते हैं।
चीजों को गलत तरीके से प्रस्तुत करना उचित नहीं: CM
सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चीजों को गलत तरीके से प्रस्तुत करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि झूठ का पर्दाफाश हमेशा होता है और अंततः सच्चाई सामने आती है। धामी ने यह भी कहा कि विपक्ष लगातार देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े सवालों का जवाब भी संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही दिया जाना चाहिए।
राहुल गांधी के बयानों पर भी धामी का हमला
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर भी उन पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता को लेकर आपत्तिजनक तरीके से टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया। धामी ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से गंभीरता की अपेक्षा की जाती है। राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री की मिमिक्री को लेकर भी धामी पहले तीखी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।
अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी का मुद्दा उठाया
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि डोभाल उत्तराखंड के गौरव हैं और देश की सुरक्षा में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार सेना और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते रहे हैं। अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर धामी की आपत्ति पहले भी सामने आ चुकी है।
कांग्रेस संगठन पहले ही कमजोर हो चुका है: CM
सीएम धामी ने कांग्रेस के कार्यक्रमों और राजनीतिक अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन पहले ही कमजोर हो चुका है और उसके कार्यकर्ता राजनीतिक मुद्दों के बजाय दूसरे तरीकों से चर्चा में आने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की माता और एनएसए अजीत डोभाल को लेकर दिए गए बयानों को भी इसी संदर्भ में निशाने पर लिया
