Gurmeet singh chandhok
टिहरी गढ़वाल: घनसाली तहसील में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम दोणी के पास मंगलवार शाम खेलते समय सात वर्षीय बालक गदेरे के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ घनसाली थाना पुलिस और SDRF की टीम ने तलाश शुरू कर दी। रातभर चले खोज एवं बचाव अभियान के बाद बुधवार सुबह बालक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। मृतक बालक की पहचान आरव (7) पुत्र अरविंद, निवासी ग्राम दोणी के रूप में हुई है।
7-Year-Old Boy Swept Away in Tehri Stream
जानकारी के अनुसार, आरव मंगलवार शाम गांव के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक गदेरे के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी के साथ बह गया। बालक के बहने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना घनसाली पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची।
टीमों ने गदेरा और उससे जुड़े नदी क्षेत्र में व्यापक खोज अभियान शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद रातभर बालक की तलाश जारी रही। टीमों ने संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
करीब एक किलोमीटर दूर नदी से मिला शव
रातभर की तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी में बालक का शव बरामद हुआ। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर है।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
शव बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में गदेरे और नदियों का जलस्तर एवं बहाव अचानक बढ़ने से इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों से तेज बहाव वाले गदेरों और नदी क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जाती रही है।
