Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में लंबे समय से चल रही शिक्षकों की कमी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। समस्या को लेकर कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने शिव मंदिर में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई थी। छात्राओं के विरोध प्रदर्शन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने शिक्षा विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट में सात शिक्षकों की नियुक्ति कर दी है। नियुक्त किए गए शिक्षकों में राजनीति विज्ञान, हिंदी, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, व्यायाम और विज्ञान समेत विभिन्न विषयों के शिक्षक शामिल हैं। शिक्षकों की नियुक्ति होने से छात्राओं को नियमित पढ़ाई में राहत मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद छात्राओं और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। अब विद्यालय में शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ाई में आ रही बाधा दूर होने की उम्मीद है।
