
माताओं के स्वास्थ्य की देखभाल और किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से Can Protect Foundation की ओर से , ‘मेरी मां स्वस्थ मां’ अभियान के तहत जीजीआईसी, राजपुर रोड में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम FICCI FLO Uttarakhand Chapter और Humans For Humanity के सहयोग से आयोजित हुआ।
‘मेरी मां स्वस्थ मां’ अभियान के तहत देहरादून में कार्यक्रम
कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। Can Protect Foundation की ओर से डॉ. रेखा खन्ना ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ अपनी माताओं और परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता की भूमिका निभा सकती हैं।
स्तन और सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों की दी जानकारी
डॉ. रेखा खन्ना ने छात्राओं को स्तन और सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों की जानकारी देते हुए कहा कि शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने समय रहते चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ की सलाह लेने के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
मां के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना अभियान का उद्देश्य
‘मेरी मां स्वस्थ मां’ अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी माताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार और जागरूक बनाना है। Can Protect Foundation के अनुसार, यदि बच्चे अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर सजग होंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ेगा।
अभियान के तहत विद्यार्थियों को केवल बीमारियों की जानकारी देने तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उन्हें यह भी बताया जाता है कि वे अपनी माताओं और परिवार की महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर समय पर डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए कैसे प्रोत्साहित कर सकते हैं।
