Gurmeet singh chandhok


रुद्रपुर। उधम सिंह नगर में हाल ही में शस्त्र लाइसेंस एवं वैध शस्त्रों के जब्तीकरण के मामले में अब राहत की खबर सामने आई है। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें शस्त्र लाइसेंसधारकों ने अपनी समस्याएं और आपत्तियां जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। इसके बाद पूरे मामले से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराया गया।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति से प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। वार्ता के दौरान एसएसपी ने आश्वासन दिया कि जमा कराए गए सभी वैध शस्त्र संबंधित लाइसेंसधारकों को वापस किए जाएंगे। साथ ही स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा।
एसएसपी ने यह भी कहा कि जिन शस्त्रधारकों का रिकॉर्ड तकनीकी या अन्य कारणों से दूसरे राज्यों में तत्काल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, उनके खिलाफ भी कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने इस सकारात्मक पहल का श्रेय सरदार राजपाल सिंह के निरंतर प्रयासों को दिया। उनका कहना है कि लगातार की गई पैरवी और संवाद के परिणामस्वरूप प्रशासन ने लोगों की चिंताओं को गंभीरता से लिया। इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री सरदार मंजीत सिंह भी मौजूद रहे और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
