Gurmeet singh chandhok

देहरादून, 17 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताज़ा मौसम पूर्वानुमान के आधार पर देहरादून जनपद में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय तथा निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियां 18 जुलाई को पूर्णतः बंद रहेंगी। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
