Gurmeet singh chandhok

हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे श्यामपुर थाना क्षेत्र के 4.2 फ्लाईओवर के पास हुआ। टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार माना जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग वाहन से उछलकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार हादसे के शिकार सभी लोग उत्तर प्रदेश के हरदोई, बिजनौर और नजीबाबाद के रहने वाले हैं। नजीबाबाद निवासी शराफत और उनकी पत्नी शबाना गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके 18 वर्षीय बेटे अहान की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों के नाम:
- अहान (18), बढ़ापुर, नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश)
- फहीम (35)
- एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी
घायलों के नाम:
- सोहने लाल (25), ग्राम रीठ मानसिंह, हरदोई
- शराफत (42), बढ़ापुर, नजीबाबाद
- शबाना (35), बढ़ापुर, नजीबाबाद
- अनु (18), बढ़ापुर, नजीबाबाद
- समीम (42), बिजनौर
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को फ्लाईओवर से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
