Gurmeet singh chandhok

नैनीताल में स्थित प्रसिद्ध नैनीझील से लगातार दूसरे दिन एक शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह झील में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ऑल सेंट्स स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत महिंदर चौहान (लगभग 48-50 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना देने के बाद वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7:22 बजे किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना दी कि मल्लीताल स्थित एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर और मां मायना देवी मंदिर के पास नैनीझील में एक शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही एसएसआई दिनेश जोशी के नेतृत्व में मल्लीताल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला।
जेब से मिले 4 हजार रुपये
पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से 4,000 रुपये नकद बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की डूबने से मौत कुछ ही समय पहले हुई होगी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए बी.डी. पांडे अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
लगातार दूसरे दिन मिला शव
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी नैनीझील से मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष साह का शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मनीष साह ने कथित तौर पर अपनी बहन को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी, जिसके बाद उनका शव झील से मिला था।
अब लगातार दूसरे दिन नैनीझील से शव मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। शनिवार को मिले शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
