
सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 15 किलोमीटर दूर विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस मेले के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ड्यूटी पर ऊधमसिंहनगर जिले से आए दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में भवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कैंची धाम मेले की ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों ने की युवती के साथ छेड़छाड़
जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंहनगर जनपद में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार मेले में ड्यूटी के लिए कैंची धाम पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों ने उससे अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी।
आक्रोशितों ने किया कैंची चौकी का घेराव
घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल हो गया। आक्रोशित लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। मामला बढ़ते देख आसपास की चौकी और थाने से भारी पुलिस बल कैंची चौकी पहुंचा ।
शराब के नशे में पुलिसकर्मियों ने की थी छेड़छाड़: SSP
मामले को लेकर एसएसपी मंजूनाथ टीसी का बयान भी सामने आया है। एसएसपी ने बताया देर रात घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया था। जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई थी।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने कहा कि दोनों पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्यवाही की जाएगी। जिस जिले के पुलिसकर्मी हैं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि उधम सिंह नगर एसएसपी को भी इसकी जानकारी दे दी है।
