रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
टनकपुरवन विभाग ने शारदा रेंज क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान लाखों रुपये मूल्य की बेशकीमती लकड़ी बरामद की गई। यह लकड़ी जमीन में गहरे गड्ढे खोदकर छिपाई गई थी और ऊपर से कूड़ा-करकट डालकर इसकी पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था।
तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कुंदन कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद शारदा रेंज क्षेत्र स्थित एक लकड़ी टाल पर छापेमारी की गई। टीम के मौके पर पहुंचते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान परिसर की गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों को जमीन के नीचे बड़ी मात्रा में लकड़ी छिपी होने के संकेत मिले। इसके बाद वन कर्मियों ने कई घंटों तक अभियान चलाकर गड्ढों और कूड़े के ढेरों के नीचे से लकड़ी बरामद की। बरामद लकड़ी की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
वन विभाग का यह सर्च अभियान करीब छह घंटे तक चला। इस दौरान पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों का मानना है कि लकड़ी को सुनियोजित तरीके से छिपाया गया था ताकि विभागीय निगरानी और जांच से बचा जा सके।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई की सूचना मिलते ही संबंधित टाल संचालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने उसकी तलाश के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है। मामले में संबंधित लोगों की भूमिका और लकड़ी के स्रोत की गहन जांच की जा रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस बरामदगी के बाद अवैध कटान और तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर भी जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है।
