Gurmeet singh chandhok

रुद्रपुर – उधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक दामाद ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ससुराल में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में ससुर, साली और साला गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिरौलीकला निवासी उस्मान की बेटी शब्बो का निकाह चार वर्ष पूर्व बरेली निवासी जीशान के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से जीशान अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। परेशान होकर शब्बो करीब चार माह पहले मायके आकर रहने लगी थी।
गत सुबह जीशान धारदार हथियार लेकर ससुराल पहुंचा और घर में घुसते ही हमला कर दिया। हमले में उस्मान की उंगलियां कट गईं, जबकि उनके बेटे और बेटी भी घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
